तालगांव में एक किसान ने संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। भाई ने तीन लोगों पर शराब पिलाकर फांसी के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। उसने तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज किया जा रहा है।
तालगांव के मिरकिल्लीपुर गांव निवासी देशदीपक उर्फ दीपू (45) पुत्र श्यामलाल ने गांव के ही राजेंद्र व रामसनेही को अपनी छह बीघा जमीन बटाई पर दी थी। बताते हैं कि देश दीपक गुरुवार रात राजेंद्र के घर गया था।
उसके बाद घर वापस आकर उसने पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जानकारी होने पर गांव के लोग व पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना को लेकर मृतक के भाई ज्ञान मोहन ने आरोप लगाया कि राजेंद्र, रामसनेही व गांव के ही नन्हकऊ ने देशदीपक को पहले खूब शराब पिलाई।
उसके बाद उसे फांसी लगाने के लिए उकसाया। इन्हीं लोगों के उकसाने पर देशदीपक ने घर पहुंच अपनी पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। घटना को लेकर मृतक के भाई ने तीनों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज किया जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।