बेटी की शादी के कार्ड बांटने बाइक से जा रहे एक ग्रामीण को संदना इलाके में बुधवार को एक कार ने मढ़िया गांव के पास टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार ग्रामीण गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे फौरन संदना सीएचसी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। मामले में मृतक की पत्नी ने हत्या का आरोप लगाया है।
उसकी पत्नी का आरोप है कि रंजिश के चलते कोटेदार ने हत्या कर दी है। हालांकि पुलिस तहरीर मिलने की बात से इंकार कर रही है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
संदना इलाके के टांड़ीपुरवा निवासी रजनीश (40) की बेटी की सात जून को शादी है। रजनीश बुधवार को बाइक से रिश्तेदारों को कार्ड बांटने जा रहा था। बताते हैं कि जब रजनीश संदना में भरौना-गोंदलामऊ मार्ग पर मढ़िया के पास पहुंचा, तभी एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार रजनीश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे फौरन सीएचसी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन भाग निकला। खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
वहीं रजनीश की पत्नी रानी का आरोप है कि उसके पति की कोटेदार से रंजिश चल रही थी। जिसके चलते कोटेदार ने उसके पति की हत्या कर दी। उसने थाने में तहरीर दी है, लेकिन पुलिस तहरीर मिलने की बात से इंकार कर रही है। एसओ बेनी माधव त्रिपाठी का कहना है कि घटना सड़क हादसा है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।