सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (एटीसी) में शनिवार को शराब के नशे में धुत एक फालोअर ने जमकर बवाल किया। पहले मेस में हंगामा किया। बाद में परिसर में भी उत्पात मचाया। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों से काफी नोकझोंक भी हुई। एसपी ने विभागीय अफसरों संग उसे जिला अस्पताल भेजकर मेडिकल कराया गया। अल्कोहल जांच के लिए ब्लड सैंपल भी लिया। उधर, महाविद्यालय प्रशासन ने उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
एटीसी में तैनात फालोअर शत्रोहन ने शनिवार को जमकर शराब पी। जिसके बाद उसने हंगामा काटना शुरू कर दिया। बताते हैं कि पहले उसने एटीसी की मेस में हंगामा किया। वहीं एटीसी परिसर में भी उत्पात मचाया। एटीसी में मौजूद पुलिस कर्मियों से तकरार की तो परेशान पुलिस कर्मियों ने इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को दे दी।
सूचना मिलने पर जब अधिकारियों ने फालोअर को समझाना चाहा, तो वह उनसे भी उलझ गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। यह देख अधिकारियों ने सूचना एसपी राहुल यदुवेंदु को दी। एसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच व कार्रवाई के आदेश दिए। एसपी के आदेश पर पुलिसकर्मी शत्रोहन को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां पर जांच के लिए ब्लड सैंपल लिया है। बताया गया है कि मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद विभागीय अधिकारी अनुशासन बनाए रखने के लिए फालोअर पर कार्रवाई करेंगे। हालांकि एटीसी के अधिकारी इस संबंध में कुछ भी बोलने से बचते रहे।