रामकोट थाना क्षेत्र में पुलिस ने व्यवसायी से रंगदारी मांगने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी रंगदारी की मांग पूरी न होने पर व्यापारी के पुत्र के अपहरण की धमकी दे रहा था।
एसपी राजेश कृष्ण ने बताया कि 11 जुलाई को रामकोट के मोहल्ला विकास नगर खूबपुर निवासी व्यवसायी राजकुमार अग्रवाल उर्फ राजू को फोन पर धमकी भरी कॉल आई थी।
कॉल करने वाले ने व्यवसायी से तीन लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। रुपये न देने पर पुत्र सुमित बंसल का अपहरण करने की धमकी दी थी। इसके बाद व्यापारी ने एसपी से पूरी बात बताई।
रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही राजफाश के लिए एएसपी हरदयाल सिंह व सीओ आरएन सिंह के नेतृत्व मेें रामकोट थाना समेत क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया।
टीम ने सर्विलांस की मदद से कॉल करने वाले नंबर को ट्रेस किया। जिसके बाद खूबपुर में रेलवे क्रासिंग के निकट छापा मार एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए व्यक्ति के पास से बरामद मोबाइल से ही व्यापारी को कॉल कर रंगदारी मांगी जा रही थी। एसपी ने बताया कि आरोपी की पहचान तालगांव के ग्राम अंगरासी निवासी अरविंद कुमार के रूप में हुई है।