महोली कोतवाली इलाके में बुधवार शाम एक तेज रफ्तार डीसीएम व ट्रक में टक्कर हो गई, जिससे डीसीएम पर सवार चालक समेत सहारनपुर के दो युवक जख्मी हो गए। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां चालक की मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
महोली कस्बे के निकट बुधवार शाम महोली से सीतापुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार डीसीएम व ट्रक में टक्कर हो गई, जिससे डीसीएम चालक सहारनपुर के जनकपुर निवासी सलमान खान (25) व उसका भाई अरमान अली गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना की खबर पाकर फौरन पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां सलमान की मौत हो गई। वहीं उसके भाई अरमान की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।