दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने शहर के ताड़कनाथ मंदिर के पास एक मुनीम की गोली मारकर हत्या कर दी। सरेराह भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई हत्या से सनसनी फैल गई। वारदात के समय युवक का रिश्तेदार भी साथ था।
पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे पूछताछ के लिए थाने में बैठा लिया है। परिवारजनों ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस घटना के पीछे लेनदेन का विवाद मान रही है।
रामकोट थाना क्षेत्र के बंडिया गांव निवासी शैलेश कुमार शुक्ला (35) पुत्र श्याम किशोर मौजूदा वक्त में अपनी पत्नी के साथ शहर के लोनियनपुरवा मोहल्ले में रहता था। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे ताड़कनाथ मंदिर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
सरेराह भीड़भाड़ वाले स्थान पर गोली चलने से भगदड़ मच गई। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। वारदात के समय युवक का रिश्तेदार व तरीनपुर निवासी अंकित भी साथ था। पूछताछ में अंकित ने पुलिस को बताया कि शैलेश ने उसे फोन कर मुंशीगंज में किसी के पास रुपये लेने के लिए साथ चलने को कहा था।
तभी तरीनपुर-मन्नी चौराहा रोड पर ताड़कनाथ मंदिर के पास दो युवकों ने बीच सड़क पर रोक लिया। अंकित की मानें तो बदमाशों में से एक ने शैलेश से रुपये निकालने को कहा, लेकिन उसने विरोध किया। इस पर दूसरे बदमाश ने तमंचा तान दिया।
अंकित की मानें तो तमंचा देख वह तो भाग निकला लेकिन बदमाशों ने शैलेश की कनपटी पर असलहा सटाकर गोली मार दी। इसके बाद दोनों बाइक से भाग निकले। कनपटी पर गोली लगने से शैलेश की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, वारदात की खबर पाते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए।
एएसपी सुभाष चंद्र गंगवार, सीओ सिटी राहुल मिठास, इंस्पेक्टर दीपक शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अंकित की बातों से पुलिस वारदात के पीछे लूटपाट की आशंका जता रही है। जबकि कुछ लोग उसकी बातों पर संदेह जता रहे हैं।
पुलिस ने भी अंकित पर संदेह जताया है। जिसके चलते उसे कोतवाली में पूछताछ के लिए बैठाया गया है। सीओ सिटी राहुल मिठास का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। घटना के पीछे लूटपाट की वजह बताना समझ से परे लग रहा है। कोई और बात हो सकती है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।