थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सशस्त्र डकैतों ने टिकरा चौराहे पर जमकर कहर बरपाया। डकैतों ने शराब की दुकान के सेल्समैन को बंधक बनाने के बाद शराब ठेके समेत ज्वैलर्स व मोबाइल की दुकान में लूटपाट की। लूटपाट के बाद डकैतों ने सेल्समैन को बांधकर ठेके में फेंक दिया।
जिसके बाद लूटे गए माल समेत मौके से भाग गए। थाना पुलिस घटना से अनभिज्ञता जता रही है। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। जलालपुर निवासी संतराम भार्गव की शराब की दुकान टिकरा चौराहे पर मौजूद है। इस दुकान पर ग्राम गौरा निवासी युवराज सेल्समैन हैं। शुक्रवार रात वह दुकान बंद कर अंदर सो रहा था।
आधी रात के समय करीब छह सशस्त्र डकैतों ने वहां धावा बोल दिया। डकैतों ने पहले शराब की दुकान खुलवाई और सेल्समैन युवराज को बंधक बना लिया। जिसके बाद लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर उसे चारपाई से बांध दिया और शराब व नगदी लूट ले गए।
इसी दौरान डकैतों ने करीब स्थित टिकरा निवासी गोपी नाथटिकरा की सोने-चांदी की दुकान का ताला तोड़ दिया। यहां से डकैतों ने 15 हजार रुपये, 50 हजार कीमत के चांदी के बर्तन, 20 हजार रुपये की अन्य ज्वैलरी लूट ली। इसके बाद डकैतों ने टिकरा निवासी अमेरिका गुप्ता की मोबाइल की दुकान का ताला तोड़ा।
यहां पर डकैतों ने 30 हजार की नगदी, मोबाइल, 20 हजार रुपये के चार्जर, 20 हजार रुपये कीमत के मोबाइल रिचार्ज कूपन लूट ले गए। यहां पर लूटपाट करने के बाद डकैतोें ने शराब के सेल्समैन को उसकी ही दुकान में बंद करके शटर गिरा दिया और मुंह न खोलने की धमकी देते हुए माल समेत मौके से भाग गए।
पीड़ित सेल्समैन का कहना है कि यहां पर पुलिस पिकेट भी लगती है। बावजूद इसके पुलिस सोती मिली। उधर, थानाध्यक्ष बेनी माधव त्रिपाठी पूरे मामले से अनभिज्ञता जता रहे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस तरह की न तो कोई सूचना उन्हें है और न ही ऐसी कोई तहरीर थाने पर दी है।