महोली कोतवाली इलाके के एक गांव में प्रेमी युगल ने जहर खा लिया। जब दोनों की हालत बिगड़ी तो परिवारीजन इलाज के लिए लेकर भागे। युवती की खीरी के मितौली कस्बा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि युवक को परिवारीजन ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
महोली कोतवाली इलाके के एक गांव में रहने वाले अनुज (20) व उसके पड़ोस रहने वाली देवी (19) के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी दोनों के परिवार वालों को हुई तो अनुज व देवी पर बंदिशें लगा दी गईं। दोनों का मिलना-जुलना कम हो गया था।
बताते हैं कि शुक्रवार को दोनों किसी तरह मौका पाकर घर से निकले और खेतों में मुलाकात की। वहीं जहरीला पदार्थ खाने के बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए। कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर दोनों के परिवारीजनों को जानकारी हुई और वे उन्हें लेकर अस्पताल भागे।
युवती को उसके परिवारीजन खीरी जिले के मितौली कस्बा ले गए, मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिसके बाद परिवारीजन शव लेकर घर लौट गए। वहीं, अनुज के परिवारीजन पहले उसे महोली सीएचसी ले गए। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर नजमुल हसन का कहना है कि युवती का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं आई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।