सिधौली-बिसवां मार्ग पर पांचपीर स्थान के पास शनिवार शाम रोडवेज बस ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उन्नाव में तैनात आरक्षी की मौत हो गई। जबकि उसका साथी जख्मी हो गया। उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
सिधौली से बिसवां जाने वाले मार्ग पर पांचपीर स्थान के पास शनिवार शाम रोडवेज बस ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान बिसवां के सरैंया माफी गांव निवासी विनय कुमार (25) पुत्र हरदयाल के रूप में की गई है।
विनय पुलिस विभाग में आरक्षी था और वह उन्नाव जिले में तैनात था। बाइक पर सवार दूसरे युवक की पहचान बिसवां इलाके के पुरैनी गांव निवासी दिनेश (30) पुत्र बाबूराम के रूप में की गई है। उसे गंभीर हालत में सिधौली सीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है।
घटना की खबर मृतक व घायल युवक के परिवारीजन भी पहुंच गए। पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की है। पुलिस का कहना है कि बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था।