लखनऊ से सीतापुर की ओर जा रहा एक टैंकर रविवार सुबह सिधौली कस्बे में हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा। हादसे में टैंकर क्लीनर की मौत हो गई, जबकि उसका चालक जख्मी हो गया। सिधौली में प्राथमिक उपचार के बाद टैंकर चालक भाग गया। उधर, खबर पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
सिधौली कस्बे में रविवार सुबह मोरंग लदा ट्रक हाईवे किनारे खड़ा था। इसी दौरान लखनऊ से सीतापुर की ओर जा रहा टैंकर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा। हादसे में टैंकर चालक व क्लीनर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
दोनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से बिजनौर में नगीना क्षेत्र के वाहापुर गांव निवासी क्लीनर पंकज को लखनऊ रेफर कर दिया गया। लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं सीएचसी में प्राथमिक उपचार कराने के बाद बिजनौर के धामपुर निवासी टैंकर चालक संजू भाग गया।
खबर पाते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने टैंकर क्लीनर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।