महमूदाबाद में चांदपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में दोपहर जानवरों को चारा डालने गए 12 वर्षीय बालक की विद्युत के खुले तार की चपेट में आ जाने से मौत हो गई। इससे गांव में कोहराम मच गया।
चांदपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के बरी जगतपुर गांव निवासी राजेश का 12 वर्षीय बेटा दिलीप रविवार की दोपहर करीब दो बजे पशुओं को चारा डालने गया था। वहां विद्युत कनेक्शन का बोर्ड लगा हुआ था।
यहां दिलीप बोर्ड से निकले अर्थिंग तार की चपेट में आ गया। जिससे करंट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। जब चारा डालने गया दिलीप करीब आधा घंटा तक वापस नहीं पहुंचा तो परिवारीजन को शंका हुई।
जिसके बाद परिवार के लोग जब तलाश करते हुए मवेशियों के बाड़े में पहुंचे तो वह वहां मृत हालत में मिला। दिलीप की मौत की सूचना गांव में फैलते ही कोहराम मच गया। सूचना पाकर समाज कल्याण राज्यमंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा ने गांव पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।