हरगांव क्षेत्र के कोटेदार ने नौ क्विंटल राशन व सवा दो सौ लीटर केरोसिन की कालाबाजारी कर दी। जांच में घपला पकड़े जाने पर पूर्ति विभाग ने कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसडीएम प्रभाकांत अवस्थी से हरगांव क्षेत्र के मूड़ीखेरा गांव के लोगों ने कोटेदार के खिलाफ शिकायत की थी।
आरोप लगाया कि कोटेदार दीपू कुमार ने काफी मात्रा में राशन व केरोसिन की कालाबाजारी कर दिया है। इस पर एसडीएम ने मामले की जांच के निर्देश दिए। एसडीएम के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक संजय यादव मूड़ीखेरा गांव पहुंचे और स्टाक रजिस्टर से राशन का मिलान किया। पूर्ति निरीक्षक ने पाया कि स्टाक में 4 क्विंटल 35 किलो गेहूं व 4 क्विंटल 85 किलो चावल कम है। 234 लीटर केरोसिन भी कम पाया।
जांच में पाया गया कि कोटे में राशन रखने का जो गोदाम दर्शाया गया है, उस स्थान पर राशन नहीं रखा गया था। जांच रिपोर्ट आने के बाद डीएम ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। एसडीएम प्रभाकांत अवस्थी ने बताया कि इस मामले में पूर्ति निरीक्षक संजय यादव ने मूड़ीखेरा के कोटेदार दीपू कुमार के खिलाफ हरगांव थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिस कोटेदार दीपू कुमार पर घपले का मामला दर्ज कराया गया है उसे हाल ही में सरकारी राशन की दुकान मिली थी। उसने पहला उठान किया था। पहले उठान में उसकी दुकान पर राशन घोटाला पकड़ा गया। पूर्ति विभाग के अधिकारियों की माने तो हरगांव क्षेत्र के मूड़ी खेरा निवासी कोटेदार दीपू कुमार ने जिस स्थान को दिखाकर राशन प्राप्त किया, जांच में उस स्थान पर राशन रखा नहीं मिला।
राशन गांव के ही हनुमान मंदिर के एक कमरे में रखा हुआ मिला। अधिकारियों का मानना है कि राशन में घपला करने के लिए ही कोटेदार ने निश्चित स्थान के बजाय मंदिर में राशन रखा।