विरोध करने पर तमंचे की बट से हमलाकर प्रधान को जख्मी भी कर दिया। रेउसा इलाके में एक अनाज व्यापारी को निशाना बनाया। उससे नकदी व मोबाइल फोन लूटा गया है।
सदरपुर इलाके में अकवापुर के ग्राम प्रधान जय प्रकाश मौर्य, रमेश व लक्षमन सोमवार दोपहर को दो बाइक से जा रहे थे। बेनी माधवपुर के निकट नहर पटरी पर बाइक सवार बदमाशों ने असलहे से धमकाकर घेर लिया।
बदमाशों ने प्रधान से मोबाइल व तीन हजार रुपये, रमेश से तीन हजार रुपये, लक्षमन से आठ हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने प्रधान के सिर व चेहरे पर तमंचे के बट से हमला कर घायल कर दिया। बदमाशों के फरार होने के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी।
इस घटना में कार्रवाई करने की बजाय पुलिस लूटपाट से अनजान बनी रही। एसओ शिव गोपाल का कहना था कि ऐसा कोई मामला जानकारी में नहीं आया है। सूचना पर कार्रवाई की जाएगी।
रेउसा इलाके में सिकड़िया मजरा बंभनावा निवासी प्रताप नरायन गल्ले का व्यापार करता है। सोमवार को वह अनाज खरीदने निकला था तभी रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने घेर लिया।
गल्ला व्यापारी का नाम पूछा और तमंचा तान दिया। गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाशों ने व्यापारी से 18 सौ रुपये व मोबाइल फोन छीन लिया। लूटपाट के बाद भागे बदमाशों का स्थानीय लोगों ने पीछा किया।
इस पर बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देते हुए ग्रामीणों को धमकाया और भाग निकले। लूटपाट की इस घटना से स्थानीय पुलिस अनजान बनी थी। एसओ योगेंद्र सिंह का कहना था कि जांच कराई जा रही है।