सिधौली कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को सिधौली से मिश्रिख जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस पलट गई। इससे बस में सवार 18 मुसाफिर घायल हो गए। पांच को नाजुक हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
यात्रियों को लेकर एक प्राइवेट बस गुरुवार को सिधौली से मिश्रिख जा रही थी। ग्राम करपन नहवैया के निकट एक कार को बचाने के चक्कर मेें बस चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा।
इससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। शोर सुनकर निकट गांव के लोग मौके पर पहुंचे और घायल यात्रियों को किसी तरह बाहर निकाला।
हादसे में लखनऊ के राजाजीपुरम निवासी कुलदीप (35), पिसावां के ग्राम मोहरावा निवासी उदय शंकर (30), भदोही जिले के चौराही थाना क्षेत्र के ग्राम समरपुर निवासी अशर्फी देवी (65), विनोद मिश्रा, पिसावां के ग्राम दधनामऊ निवासी विमला देवी (42), बेदा खुर्द निवासी कमला देवी (55), संदना के छोटकन्ने (28) व उसकी पत्नी बबीता (26) समेत 18 लोग घायल हो गए।
घायलों को सिधौली कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां कुलदीप, उदय शंकर, अशर्फी देवी, विनोद मिश्रा व विमला देवी को नाजुक हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जबकि कमला देवी, छोटकन्ने व बबीता को जिला अस्पताल रेफर किया गया।