केसरीगंज से सर्राफा दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे व्यवसायी पिता-पुत्र को दो बाइकों पर सवार असलहाधारी पांच बदमाशों ने जोशी ताल के पास रोक लिया। बदमाशों ने पिता-पुत्र से लूटपाट शुरू कर दी। बदमाश जेवरात से भरा बैग लूटते कि इससे पहले ही दोनों शोर मचाकर दौड़ लिए।
इस पर बदमाश चाभियों वाला झोला लेकर भाग निकले। खबर पाते ही वहां काफी लोग एकत्र हो गए। पुलिस भी सूचना पर पहुंच गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
लहरपुर कोतवाली इलाके के बेहटी निवासी सर्राफा व्यापारी लक्ष्मीनारायन बेटे मुकुल के साथ क्षेत्र के केसरीगंज स्थित सर्राफ दुकान बंद कर सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे बाइक से घर जा रहे थे।
जब ये लोग जोशीताल के पास शुक्ला मेडिकल स्टोर के सामने पहुंचे, तभी दो बाइकों पर सवार असलहाधारी पांच बदमाशों ने आगे बाइक लगा कर व्यवसायी पिता-पुत्र को गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने दोनों से लूटपाट शुरू कर दी। सरेराह लूटपाट होते देखकर आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों को ललकार लिया।
पिता-पुत्र ने भी विरोध किया। इस पर बदमाश एक झोला लूट कर भाग निकले। घटना के बाद वहां काफी लोग एकत्र हो गए। पुलिस भी पहुंच गई थी। बताते हैं कि सर्राफ व्यवसायी एक झोले में जेवरात व दूसरे में दुकान व तिजोरी आदि की चाभियां रखकर जा रहे थे। बदमाश जिस झोले को लूट कर भागे हैं, उसमें दुकान व तिजोरी की चाभियां थी।