घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से दो गांवों के बीच तनाव की स्थिति है। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर जाकर घटना स्थल का जायजा लिया और अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम खपूरा निवासी मदन लाल (32) का खेत सरायन नदी के पार शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गंगापुर के निकट पड़ता है। मदन लाल ने उस खेत में गेहूं बो रखा है। सोमवार को वह खेत में फसल का सींच रहा था।
इसी बीच गंगापुर निवासी शिवराज अपने बारह साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचा। खेत में ही भूमि के कब्जे को लेकर विवाद करने लगा। तकरार बढ़ते ही शिवराज पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी। इससे गोली लगते ही मदन लाल गंभीर रूप से घायल होकर खेत में गिर गया। नदी पार से फायरिंग की आवाज सुनते ही मदन लाल के परिवार के सदस्य दौड़कर खेत पर पहुंच गए।
उन्हें देखते ही हमलावर और भड़क गए। हमलावरों ने परिवार के सदस्यों पर भी लाठी, डंडे व धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ प्रहार किए। इससे पूरा इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट व चीखों से गूंज उठा। विवाद बढ़ते देख खपूरा गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और खुद शोर मचाते हुए खेत की तरफ चल दिए।
भीड़ को अपनी तरफ बढ़ते देख शिवराज पक्ष वहां से निकल भागा, लेकिन तब तक गोली लगने से मदन लाल, लाठी, डंडे व धारदार हथियार के प्रहार से मदन के भाई खपूरा निवासी कैलाश (50), संतराम (35) परिवार के कल्लू (60), प्रताप (55), संदीप (50), प्रेम प्रकाश (36), रिश्तेदार ग्राम उमरिया निवासी गजराज आदि गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को आननफानन जिला अस्पताल भेजा। रास्ते में मदन लाल ने दम तोड़ दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मदन लाल को मृत घोषित कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी पवन कुमार, एएसपी सुभाष चंद्र गंगवार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित पक्ष से घटना के संबंध में जानकारी ली और कार्रवाई का भरोसा दिया।
पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में गंगापुर निवासी शिवराज, सोनू आदि लोगों के खिलाफ शहर कोतवाली में तहरीर दी है। उधर, प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।