पिता से गाली-गलौज का विरोध करना एक भाई को महंगा पड़ गया। टोकने से आपा खोये छोटे भाई ने अपने भाई पर फुंकनी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से जख्मी युवक को सीएचसी मछरेहटा ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। मामले में मृतक की पत्नी ने उसके खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोपी घटना के बाद मौके से भाग निकला।
मछरेहटा के इनायतपुर गांव निवासी रेसा (40) पुत्र गन्नू का सोमवार शाम सगे भाई रमेश से विवाद हो गया था। जिसके बाद रमेश ने लोहे की फुंकनी से ताबड़तोड़ हमला कर रेसा को जख्मी कर दिया था। गंभीर हालत में उसे सीएचसी मछरेहटा ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
बड़े भाई तेजपाल ने बताया कि रेसा व रमेश लखनऊ में मजदूरी करते थे। इस समय दोनों घर आए हुए थे। सोमवार शाम दोनों नशे में धुत थे। इस बीच किसी बात को लेकर रमेश अपने पिता से गाली-गलौज करने लगा। रेसा ने इसका विरोध किया तो रमेश ने रेसा पर लोहे की फुंकनी से हमला कर दिया। फुकनी से कई वार होने पर वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिवारीजन उसे लेकर सीएचसी मछरेहटा पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई।
उधर, घटना के बाद आरोपी रमेश गांव से भाग निकला। रेसा की पत्नी ने रमेश के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।