रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक टेम्पो ने साइकिल सवार बालक को टक्कर मार दी। इससे बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद टेम्पो अनियंत्रित होकर निकट के तालाब में जा गिरा। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। दूसरी तरफ रामपुर कलां थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक वृद्ध की मौत हो गई।
रामपुर मथुरा के ग्राम तुलसीपुर खरिका निवासी मंशाराम का पुत्र अक्षय कुमार (12) बुधवार दोपहर साइकिल से कहीं जा रहा था। महमूदाबाद-रामपुर मथुरा मार्ग पर गुजर रहे एक टेम्पो ने तुलसीपुर खरिका के निकट साइकिल सवार बालक को टक्कर मार दी। इससे बालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया।
वहीं टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे तालाब में जा गिरा। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। उधर, बालक के परिवारीजन घायल बालक को लेकर कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भागे। इसी बीच बालक ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना रामपुर कलां थाना क्षेत्र की है। यहां के ग्राम गौरा निवासी इब्राहिम (70) मंगलवार शाम पैदल ही कहीं जा रहे थे। रास्ते में गांव के निकट ही किसी अज्ञात वाहन ने इब्राहिम को टक्कर मार दी। इससे इब्राहिम गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिवार ने घायल को क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय इब्राहिम ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने परिवार को पोस्टमार्टम की सलाह दी, लेकिन परिवार शव को लेकर घर चला गया।