दो छोटा हाथी, दो इंजन, दो जनरेटर, चार तमंचे व आठ जिंदा कारतूस बरामद
हरगांव (सीतापुर)। थाना पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत छह शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस गिरोह के पास से चोरी के दो छोटा हाथी, दो इंजन, दो जनरेटर, चार तमंचे व आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
सीओ सदर समर बहादुर ने थाना परिसर में शुक्रवार को पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि गुरुवार रात हरगांव पुलिस को शातिर चोरों के एक गिरोह के बारे में सूचना मिली।
खबर पाकर एसओ अनिल पांडेय द्वारा उपनिरीक्षक नयन सिंह, गिरजा शंकर सिंह, हेड कांस्टेबल कृपाशंकर सिंह, धर्मेन्द्र यादव, रमेश चंद्र मिश्र, जुनैद अहमद तथा रंजीत यादव को तत्काल शातिरों की धरपकड़ के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने हरगांव-महोली मार्ग पर नयागांव की नहर पुलिया के करीब सड़क पर संदिग्ध हालत में खड़े दो छोटा हाथी में सवार छह लोगों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में इनकी पहचान रोहित कुमार निवासी शीतलपुरवा थाना लहरपुर, अनूप निषाद निवासी कुम्हारनपुरवा थाना बिसवां, चुन्ना निवासी अम्बेडकरनगर थाना तंबौर, जलील निवासी काजी टोला पश्चिम कस्बा थाना तंबौर, सद्दाम निवासी आजाद नगर थाना तंबौर तथा सोनू उर्फ हफीज निवासी मौलवीगंज कोतवाली सदर जिला लखीमपुर खीरी के रूप में हुई।
तलाशी में इनके पास से चार तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, दो इंजन व दो जनरेटर बरामद किए गए। पकड़े गए शातिरों ने बताया छोटा हाथी लखनऊ के मड़ियाव क्षेत्र से चोरी किया था। जबकि हरगांव, महोली से जनरेटर व थानगांव, रेउसा से पंपिंग सेट के इंजन चोरी किए थे। चोरी का माल बेचने जा रहे थे।