महोली के मल्लपुर बेहटा की घटना
बड़ागांव (सीतापुर)। कई दिनों से लापता एक युवक का शव संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला। उसका शव बुरी तरह सड़ चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
महोली क्षेत्र के मल्लपुर बेहटा गांव निवासी प्रदीप (37) पुत्र फूलचंद 12 मार्च को घर से निकला था। उसके बाद वह लौट कर नहीं आया। उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन कहीं सुराग नहीं लग सका था। जिसके बाद परिवारीजन ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मंगलवार को गांव के दक्षिण जब लोग अपने खेतों की ओर निकले तो लोगों को एक स्थान से दुर्गंध आई। साथ ही चील-कौअे भी मंडरा रहे थे। लोगों ने उस ओर जाकर देखा तो शीशम के एक पेड़ से सड़ा-गला शव लटका था। शव जमीन के करीब लटक रहा था। जिससे उसके निचले हिस्से को जानवर नोच कर खा गए थे।
यह खबर जब आसपास फैली तो मौके पर ग्रामीणों का तांता लग गया। ग्रामीणों व परिवारीजन ने शव की पहचान प्रदीप के रूप में की। इसके बाद पुलिस को बताया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।