ढाबे पर की तोड़फोड़, सात नामजद
सिधौली। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात दबंगों ने एक ढाबे पर जमकर हंगामा किया। इस मामले में पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बे में बिसवां चौराहे के निकट गोविंद ढाबा है। इसी ढाबे पर शनिवार रात कुछ दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया था। ढाबे पर खाना खा रहे लोगों से मारपीट की थी और ढाबे में तोड़फोड़ की थी।
घटना में कमलापुर के ग्राम बरेठी निवासी राकेश सिंह (40), राजेश सिंह (38), राजेश सिंह का पुत्र जेपी सिंह (16), रामपुर कलां थाना क्षेत्र के ग्राम सरवा जलालपुर निवासी कुलदीप सिंह (30) घायल हो गए थे।
इस मामले में ढाबा स्वामी गोविंद ने कमलापुर के ग्राम सुजौलिया निवासी अमित, गोविंद नगर निवासी राजा सरदार, ढाबे के करीब पान की दुकान रखने वाले मुन्ना, ऊंचा खेर निवासी प्रशांत अवस्थी, इस्लाम, शानू अवस्थी व विकास के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
प्रभारी निरीक्षक अमोद रंजन चौधरी ने बताया कि इस मामले में हत्या के प्रयास, मारपीट, उपद्रव करने आदि आरोपों की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।