तालाब में डूबकर महिला की मौत
थानगांव(सीतापुर)। थाना क्षेत्र में रविवार को तालाब में डूबकर एक महिला की मौत हो गई। वह सूखी लकड़ियों की तलाश में तालाब किनारे गई थी। उसी दौरान पैर फिसलने से हादसा हो गया।
थाना क्षेत्र के अंगनीपुरवा रामीपुर गोड़वा निवासी सोहन की पत्नी राजकुमारी (32) सूखी लकड़ियों की तलाश में गांव के निकट मौजूद तालाब के किनारे गई थी।
बताते हैं कि लकड़ियां बीनते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तालाब के गहरे पानी में गिर गई। तैरना न आने की वजह से वह पानी में डूब गई।
उसे डूबते देख गांव के लोगों ने तालाब में छलांग लगा दी। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गांव के लोग राजकुमारी को तालाब से बाहर निकाल पाए। लेकिन तब तक पानी में डूबने की वजह से उसकी मौत हो चुकी थी।