जिले के 48 केंद्रों पर हुआ एग्जाम, बीए प्रथम, द्वितीय व तृतीय का हुआ पेपर
सीतापुर। छत्रपति शाहूजी महराज विश्वविद्यालय, कानपुर की स्नातक की परीक्षाएं मंगलवार को जिले के 48 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई। पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की कमी रही। इसके कारण केंद्र व्यवस्थापकों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
उधर बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक बोर्ड परीक्षा के चलते महाविद्यालयों को नहीं मिल पाए। ऐसे में प्रबंधकों ने दूसरे महाविद्यालय से शिक्षक बुलाकर परीक्षा निपटाई। पहले दिन कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।
कानपुर विवि की परीक्षा पहली पाली में सुबह 7 से 10 बजे के बीच हुई। इस पाली में बीए प्रथम वर्ष में हिन्दी साहित्य का पेपर था। दूसरी पाली सुबह 11 से 2 बजे के बीच हुई। इसमें बीए द्वितीय वर्ष में समाजशास्त्र प्रथम का पेपर था।
तीसरी पाली अपराह्न 3 से शाम 6 बजे के बीच हुई। इस पाली में बीए तृतीय वर्ष का समाजशास्त्र प्रथम का पेपर था। परीक्षार्थी सुबह से ही केंद्र पर पहुंच गए। उनकी तलाशी लेकर कक्ष के अंदर जाने दिया गया। पहली मर्तबा सीसीटीवी कैमरे के नजर में स्नातक की परीक्षाएं हुई।
विवि ने इस बार यह निर्देश दिए है कि जिस महाविद्यालय में परीक्षा होगी, वहां के कक्ष निरीक्षक नहीं लगाए जाएंगे। ऐसे में बेसिक शिक्षा विभाग से शिक्षक लिए जा सकते थे। लेकिन बेसिक के शिक्षक बोर्ड परीक्षा में लगे हुए हैं। इसकी वजह से केंद्र व्यवस्थापकों को दूसरे महाविद्यालय से किसी तरह प्रबंध करके परीक्षा निपटाई।
मौलाना आजाद इंस्टीट्यूट महमूदाबाद के केंद्र व्यवस्थापक डॉ. एसएच अंसारी ने बताया कि कक्ष निरीक्षकों की कमी थी। इसके लिए सेठ रामगुलाम डिग्री कॉलेज के 12 टीचर लगाए गए थे। आरएमपी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी शाक्य ने बताया कि पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से निपट गई है।
समाजशास्त्र और भूगोल के पेपर में 1657 विद्यार्थी रहे गोल
सीतापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा में मंगलवार को इंटरमीडिएट के समाजशास्त्र प्रथम के पेपर में 14 हजार 815 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इसके सापेक्ष 13377 ने परीक्षा दी। जबकि 1438 गैर हाजिर रहे। द्वितीय पाली में भूगोल द्वितीय का पेपर था। इसमें 3099 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इसके सापेक्ष 2880 ने परीक्षा दी। 219 गैर हाजिर रहे। डीआईओएस देवकी सिंह ने बताया कि मंगलवार को कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।
सीबीएसई परीक्षा में नौ स्टूडेंट रहे गैरहाजिर
सीतापुर। सीबीएसई की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा दूसरे दिन शांतिपूर्ण ढंग से हुई। केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार ने बताया कि हाईस्कूल में हिन्दी का पेपर था। इसमें पंजीकृत 585 सभी विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
स्टडीवेल पब्लिक के प्रबंधक विनीत अग्रवाल ने बताया कि हाईस्कूल के पेपर में 481 के सापेक्ष 478 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। तीन अनुपस्थित रहे। पुलिस मॉर्डन स्कूल के प्रधानाचार्य विष्णु शुक्ला ने बताया कि हाईस्कूल में पंजीकृत 500 में से 497 परीक्षा में शामिल हुए। तीन गैर हाजिर रहे। इंटर के डांस कथक पेपर में पंजीकृत चार विद्यार्थी उपस्थित रहे।