ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से साले की मौत, जीजा चोटिल
मिश्रिख (सीतापुर)। नैमिषारण्य से स्नान कर साइकिल से रविवार शाम घर लौट रहे जीजा-साले को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में साले की मौत हो गई और उसका जीजा चोटिल हो गया। उसे सीएचसी मिश्रिख भेजा गया है।
मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर निवासी राममिलन (24) रविवार सुबह संदना इलाके के धरौली गांव अपनी ससुराल गया था। यहां से राममिलन अपने साले कुलदीप (9) को साथ लेकर साइकिल से नैमिषारण्य स्नान करने गया था। स्नान कर दोनों शाम करीब पांच बजे वापस जा रहे थे। इस बीच जब दोनों मिश्रिख इलाके में अटवा ईंट-भट्ठे के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली टक्कर मार कर निकल गया। इस हादसे में कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका जीजा राममिलन चोटिल हो गया। उसे सीएचसी मिश्रिख भेजा गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।