पीड़िता के पति ने हेल्पलाइन से ली मदद, केस दर्ज
महमूदाबाद (सीतापुर)। अपनी पसंद के युवक से युवती को शादी करने को लेकर नाराज युवती के परिवारीजनों ने घर में बंधक बनाकर पिटाई की। पीड़ित युवती के पति ने महिला हेल्प लाइन पर इसकी सूचना दी। इस पर हेल्प लाइन के अधिकारियों ने युवती के घर पहुंचकर उसकी व्यथा सुनी और थाने पर दबंगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला सदरपुर थानाक्षेत्र के बरदहा गांव का है।
सदरपुर थानाक्षेत्र के बरदहा मजरे रमद्वारी निवासी दिनेश प्रताप की बेटी गरिमा (28) ने बीते माह लखनऊ स्थित आर्य समाज मंदिर में लखनऊ के नीलमथा कैंट के विजय नगर निवासी संतोष कुमार के साथ शादी की थी। गरिमा के घर वालों को जब उसकी शादी का पता चला तो उसे घर बुला लाए।
आरोप है कि घर लाने के बाद गरिमा को बंधक बनाकर उसकी पिटाई कर दी। जिससे उसे काफी चोटें भी आईं। इसकी जानकारी पाकर गरिमा के पति संतोष ने महिला हेल्प लाइन 181 पर कॉल करके मामले की जानकारी दी।
शिकायत मिलने पर महिला हेल्प लाइन टीम सीतापुर गुरुवार को गरिमा के घर बरदहा पहुंची, जहां से उसे छुड़ाकर टीम थाने पहुंची। गरिमा की तहरीर पर पुलिस ने उसके पिता दिनेश प्रताप सिंह व भाई गौरव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। निरीक्षक गोपाल नरायण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।