10 नवंबर को चोरी के आरोप में रामपुर मथुरा पुलिस द्वारा भेजा गया था जेल
सीतापुर। जिला कारागार में निरुद्ध एक बंदी की अचानक हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने गांव के कुछ लोगों की पिटाई से आई चोटों को मौत का कारण बताते हुए नगर मजिस्ट्रेट को प्रार्थना पत्र देकर जांच व कार्रवाई की गुहार लगाई है। इधर, जेल में बंदी की मौत से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
थानाक्षेत्र रामपुर मथुरा के तुलसीपुर खरिका गांव में रहने वाले लल्ला पुत्र संतू शुक्ला को इलाकाई पुलिस ने बीती 10 नवंबर को चोरी के केस में जेल भेजा था। जिला कारागार में निरुद्ध लल्ला की हालत बुधवार देर रात अचानक बिगड़ गई। जेल प्रशासन द्वारा उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गुरुवार को मृतक के भाई अखिलेश ने डीएम को संबोधित प्रार्थना पत्र सिटी मजिस्ट्रेट को देकर गांव के ही कुछ लोगों पर पिटाई करने व चोरी के झूठे केस में जेल भेजवाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि चोरी का झूठा इल्जाम लगाकर लल्ला की जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस पर भी पिटाई का आरोप लगाया है।
कहा है कि पिटाई से लल्ला को अंदरूनी चोटें आई थीं। लेकिन बगैर इलाज कराए उसे जेल भेज दिया गया। चोटों की वजह से जेल में उसकी मौत हो गई। मृतक बंदी के भाई ने बताया कि 14 नवंबर को उसकी बहन मंजू मिश्र व भाई रमेश शुक्ला जेल में मिलने गए थे। मिलाई के दौरान लल्ला ने पिटाई की बात कही थी। मृतक बंदी के भाई अखिलेश ने मामले की जांच व उचित कार्रवाई की मांग की है।
नशे का आदी होने से बेहद कमजोर था बंदी
10 नवंबर को जेल में आया लल्ला नशे का आदी होने की वजह से शारीरिक रूप से बेहद कमजोर था। जेल के अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा था। बुधवार रात अचानक हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई।
-आरएस यादव, जेलर, जिला कारागार।
जेल भेजते समय मेडिकल में नही हुई थी पिटाई की पुष्टि
ग्रामीणों ने एक दुकान पर चोरी करते लल्ला को पकड़ा था। जेल भेजने से पहले उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया था, जिसमें पिटाई की पुष्टि नही हुई थी।
-अमित प्रताप सिंह, थाना प्रभारी रामपुर मथुरा
जेल में निरुद्ध बंदी की मौत के बाद उसके परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-प्रेमप्रकाश उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट