15 बकाएदारों के विद्युत कनेक्शन काटकर उखाड़े गए मीटर
सीतापुर। पावर कॉर्पोरेशन ने शहर के 10 उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी एफआईआर दर्ज कराई है। यह उपभोक्ता कनेक्शन काटे जाने के बाद बिना बकाया जमा किए ही कनेक्शन जुड़वा लिया था। कॉर्पोरेशन के जेई ने इनके खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट कराई है। वहीं 15 बकाएदारों के मीटर उखाड़कर कनेक्शन काट दिए हैं।
पावर कॉर्पोरेशन ने 10 हजार के ऊपर के बकाएदारों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। इसकी शुरुआत गुरुवार को हुई थी। शुक्रवार को शहर में एसडीओ रवि कुमार व जेई रमेश सिंह की अगुवाई में अभियान चला। इस दौरान 10 ऐसे उपभोक्ता मिले जिनके विद्युत कनेक्शन बकाया के चलते काट दिए गए थे। लेकिन इन्होंने बिना बिल जमा किए ही कनेक्शन जोड़ लिए हैं।
इस पर उपभोक्ता पुलिस लाइन निवासी नरोत्तम शर्मा, ग्वालमंडी निवासी पिंकी मिश्रा व ललित मिश्रा, आवास विकास निवासी माता प्रसाद, घूरामऊ बंगला निवासी सतनू, नई बस्ती निवासी अनिता कुमार अग्रवाल, बाल्दा कॉलोनी निवासी चिरनजीत व तुलसी देवी, आलमनगर निवासी शमशाद अली व रमेश सिंह निगम, लालबाग निवासी संतोष कुमार कपूर के खिलाफ शहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
इसके अलावा 15 बकाएदारों के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए है। साथ ही इनके मीटर उखाड़ लिए गए हैं। शनिवार को इनके खिलाफ आरसी जारी की जाएगी। इसके बाद राजस्व वसूली की भांति इनसे पैसा वसूला जाएगा।