गाड़ी के शीशे तोड़े, लूट का किया प्रयास
सीतापुर। कार सवार दबंगों ने सोमवार की रात शहर के तरीनपुर इलाके में ईदगाह के पास एक सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारी मैजिक मालिक व चालक को रोक कर बुरी तरह पीटा और उनसे लूटपाट की कोशिश की। चंगुल से छूट कर मैजिक मालिक घर पहुंचा तो हमलावर वहां भी पहुंच गए, लेकिन मोहल्ले वालों के एकत्र होने पर दबंग कार छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
शहर के मुंशीगंज जनकपुरी निवासी सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारी मन्नीलाल शर्मा ने बताया कि वह सोमवार की रात अपनी मैजिक से चालक अमित के साथ घर जा रहे थे। जब वह शहर में तरीनपुर इलाके की ईदगाह के पास श्यामनाथ रोड पर पहुंचे तो सुनसान स्थान पर एक कार पर सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उनको रोक लिया।
आरोप है कि रोकने के बाद वे लोग मन्नीलाल व उसके चालक अमित को पीटने लगे। साथ ही लूटपाट की कोशिश की। गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इस पर मन्नीलाल भाग कर मोहल्ले में पहुंचा तो दबंग पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए।
मन्नीलाल के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग आ गए तो दबंग वहां से कार छोड़कर भाग निकले। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल अंबर सिंह का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। हमला करने वालों की कार बरामद हुई है। हमलावरों का पता लगाकर जल्द घटना का खुलासा होगा।