पुलिस ने अज्ञात में दर्ज किया केस, तलाश शुरू
महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र के चंदनपुर में रविवार रात को अज्ञात लोेगों ने गांव के दक्षिण में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षतिग्रस्त मूर्ति की मरम्मत कराई। एक आरक्षी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना पाकर बसपा के मंडल जोन कोऑर्डीनेटर विनोद कुमार राजवंशी व ज्ञानेंद्र चौधरी, जिला महासचिव राजेश सिद्धार्थ, मौर्य समाज के जिला संयोजक मुन्नालाल मौर्य, महमूदाबाद विस क्षेत्र अध्यक्ष चेतराम भारती गांव पहुंचे।
इन बसपा नेताओं ने अराजक तत्वों द्वारा समाज में घृणा फैलाने के उद्देश्य से प्रतिमा को खंडित करने का षड्यंत्र बताया। कहा कि इस गांव की अंबेडकर प्रतिमा को पहले भी क्षतिग्रस्त किया जा चुका है। समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अराजकतत्वों को खोजकर कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
कोतवाल ज्ञानेंद्र प्रताप ने बताया कि मामला बीती रात का है। सूचना पाकर पुलिस व प्रशासन ने प्रतिमा की मरम्मत कराने के साथ आरक्षी सदाशिव मिश्र की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।