चुनाव में खलल डाले तो करें कड़ी कार्रवाई: आईजी
सीतापुर। आईजी जोन जय नारायन सिंह निकाय चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार को सीतापुर पहुंचे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों व थानाध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान चुनावी तैयारियों को लेकर निर्देश भी दिए। पुलिस लाइन में बैठक के दौरान आईजी ने कहा कि निकाय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से निपटें, इसको लेकर तैयारियां अभी से पूरी कर लें।
उन्होंने कहा कि हिस्ट्रीशीटर, शातिर अपराधियों पर कार्रवाई तेजी के साथ की जाए। अपराधियों को चिह्नित कर जिला बदर की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। शातिर अपराधियों को जेल भेजा जाए।
ऐसे लोग पर तेजी से शांति भंग की आशंका की कार्रवाई की जाए, तो चुनाव के दौरान विवाद उत्पन्न कर सकते हैं। इससे पूर्व में हुए चुनावों के दौरान हुए विवादों को ध्यान में रखते हुए ऐसे स्थलों को संवेदनशील मानते हुए पुख्ता कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसा माहौल तैयार करे, जिससे लोग निर्भीक होकर शत-प्रतिशत मतदान करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को लेकर आरएएफ टीम जिले में पहुंच चुकी है।
इस टीम का सुरक्षा व्यवस्था में इस्तेमाल करें। बैठक के बाद आईजी पुराना सीतापुर स्थित म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज पहुंचे। यहां पर उन्होंने बूथ का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को कहा। इसके बाद आईजी जोन ने हरगांव क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
आईजी जूनियर हाईस्कूल मे पहुंचे यहां पर बिजली व्यवस्था लचर मिली। इस पर प्रधानाध्यापिका कमला देवी से बिजली का कनेक्शन विद्यालय में कराने को कहा। हरगांव गंज प्राथमिक विद्यालय में भी बिजली की व्यवस्था न होने के कारण व बच्चों को अंधेरे में पढ़ाई करते देख उन्होंने नाराजगी जताई।
कन्या जूनियर हाईस्कूल बूथ के कमरों का निरीक्षण किया व प्रधानाचार्य नसीर खां से बिजली व पानी की जानकारी ली। इस पर उन्होंने विद्युत तार टूटे होने व हैंडपंप तीन वर्षों खराब होने की जानकारी दी। इस पर आईजी ने सीओ अंकित कुमार से इन कमियों को दूर करने के लिए एसडीएम व डीएम से वार्ता कर अति शीघ्र विद्युत लाइन व पानी के लिए नल को सही करवाने को निर्देशित किया।
.