ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन व पुलिस ने की छापेमारी
तंबौर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत पर गुरुवार की रात प्रशासन व पुलिस की टीम ने शारदा नदी तट पर छापेमारी की। यहां पर टीम ने अवैध खनन कर रहे पांच ट्रैक्टर ट्रालियों को पकड़ा। वाहन पकड़े जाने के बाद प्रशासन जांच में जुटा है।
गुरुवार की रात तंबौर थाना क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर के बाशिंदों ने दबंगों द्वारा गांव के निकट शारदा नदी तट पर अवैध खनन किए जाने की सूचना एसडीएम लहरपुर पूर्णिमा सिंह को दी। वहीं कार्रवाई न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी भी दी। सूचना मिलते ही एसडीएम ने क्षेत्रीय थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय व कानूनगो सुधीर श्रीवास्तव को छापेमारी के निर्देश दिए।
इस पर कानूनगो ने पुलिस टीम के साथ हरिहरपुर के निकट छापेमारी की। यहां पर पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से अवैध खनन किया जा रहा था। टीम को देखते ही खनन कर रहे लोग मौके से निकल भागे। हालांकि पांचों वाहन वहां पर छूट गए। जिनको पुलिस ने अपने कब्जे ले लिया है।
कानूनगो ने बताया कि जिस स्थान पर खनन होता पाया गया, वहां पर खनन के लिए कोई पट्टा नहीं है, वहां अवैध रूप से खनन चल रहा था। इसकी जांच रिपोर्ट एसडीएम लहरपुर को भेजी जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा, फिलहाल पांचों वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई है।