बस यात्री को जहरखुरानों ने लूटा
सीतापुर। रोडवेज बस में सफर कर रहे एक यात्री को जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने बेहोश कर लूट लिया। पुलिस ने उसे रोडवेज बस स्टाप के निकट बेहोश पड़ा पाया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
गुरुवार सुबह पुलिस ने शहर के रोडवेज बस स्टाप के निकट एक युवक को बेहोश पड़ा देखा। पुलिस ने उसे शराबी समझ कर जिला अस्पताल पहुंचा दिया।
यहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि युवक जहरखुरानी का शिकार हुआ है। संदेह जताया जा रहा है कि युवक रोडवेज बस में सफर कर रहा होगा।
उसी दौरान बस में मौजूद जहरखुरानी गैंग के बदमाशों ने उसे अपना शिकार बना लिया। बस चालक व परिचालक उसे बेहोशी की हालत में रोडवेज बस स्टाप पर उतार कर चलते बने। जिसके बाद पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवक की पहचान नहीं हो सकी है।