युवक पर तेजाब से हमला
सीतापुर। तालगांव में एक छप्पर के नीचे सो रहे युवक पर कुछ लोगों ने तेजाब फेंक दिया। इससे वह बुरी तरह से झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक के परिवारीजनों ने गांव की ही एक महिला व उसके पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहरैया निवासी बाबूराम (35) घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रहा था। रात में कुछ लोग तेजाब लेकर वहां पहुंच गए। इससे पहले कि बाबूराम उनकी आहट पाता, लोगों ने युवक के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया और फरार हो गए।
चीख सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग चुके थे। आननफानन उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। युवक के परिवार ने गांव की श्यामकली व उसके पति किशोरी के खिलाफ तहरीर दी है।
आरोप लगाया है कि भूमि विवाद के चलते दंपती ने तेजाब फेंका है। थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।