ससुराल में युवक ने लगाई आग, बचाने में पत्नी व सास झुलसीं
युवक ने जिला अस्पताल में तोड़ा दम
बाइक चोरी का आरोप लगने पर क्षुब्ध होकर उठाया कदम
सीतापुर। इमलिया सुल्तानपुर में ससुराल गए युवक ने बाइक चोरी का आरोप लगने पर क्षुब्ध होकर आग लगा ली। इस घटना में उसे बचाने के फेर में उसकी पत्नी और सास भी बुरी तरह से झुलस गई हैं। आनन फानन दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर युवक की पत्नी की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महोली के तिलकपुर निवासी संदीप (25) पत्नी आरती देवी (20) को विदा कराने अपनी ससुराल इमलिया सुल्तानपुर के ग्राम देवई आया था। बुधवार को ससुराल पक्ष ने उस पर बाइक चोरी का आरोप लगा दिया। इससे क्षुब्ध होकर संदीप ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। चीख सुनते ही पत्नी आरती व सास सीमा देवी (45) वहां पर पहुंची और उसे बचाने का प्रयास करने लगी। इससे मां-बेटी भी बुरी तरह झुलस गईं। चीख सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया लेकिन तब तक तीनों बुरी तरह से झुलस चुके थे। परिवार के सदस्यों ने आननफानन तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर संदीप ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने आरती की हालत चिंताजनक बताई है।
दो माह पुरानी बाइक चोरी की घटना
जिस बाइक चोरी की घटना का आरोप ससुराल पक्ष ने संदीप पर लगाया। वह घटना दो माह पुरानी बताई जा रही है। बताया जा रहा है दो माह पूर्व देवई गांव के रामकुमार की बाइक चोरी हो गई थी। इस मामले में रामकुमार ने संदीप के ससुर देवई निवासी सूरजभान व उसके रिश्तेदार कासिमपुर निवासी कुलदीप आदि के खिलाफ इमलिया सुल्तानपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उधर, ससुराल पक्ष कहने लगा कि बाइक तो संदीप ने चोरी की थी, लेकिन नामजद उसके ससुर हो गए। इसी बात को लेकर बुधवार को ससुराल पक्ष ने संदीप को ताना दिया। ससुराल पक्ष का ताना संदीप को इस कदर नागवार गुजरा कि उसने खुद को आग लगाकर जान दे दी।
संदीप का ससुर है नामजद
थानाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने बताया कि चोरी के एक मामले में संदीप का ससुर सूरजभान व दो अन्य लोग नामजद हैं। यह सुनने में आया है कि ससुराल पक्ष संदीप पर ही बाइक चोरी का आरोप लगा रहा था, जिसके चलते संदीप ने जान दी है। हालांकि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।