सभासद समेत तीन पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात को एक पूर्व सभासद के घर पर धावा बोलकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। आरोप है कि यह हमला एक सभासद व उनके दो अन्य साथियों ने पूर्व सभासद से दो लाख रुपये की रंगदारी न देने पर किया है। इस मामले में पूर्व सभासद की तहरीर पर पुलिस ने सभासद समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
शहर कोतवाली इलाके के मोहल्ला शेख सरायं पटिया निवासी रामशरण कनौजिया पूर्व सभासद है। उन्होंने कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आलमनगर स्थित दुर्गा मंदिर के समीप मकान खरीदा था। बाद में उसे तोड़वाया जा रहा था। पूर्व सभासद रामशरण का आरोप है कि नई बस्ती के सभासद संजय राठौर द्वारा उनसे दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी।
इसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। मंगलवार रात सभासद संजय राठौर व उनके दो अन्य साथी उनके घर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग की। इससे मोहल्ले में दहशत फैल गई। स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच की।
बुधवार को पूर्व सभासद राम शरण ने मौजूदा सभासद संजय राठौर व उनके दो अन्य साथियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। शहर कोतवाल हरमीत सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।