सिधौली व थानगांव इलाके की घटनाएं
सिधौली/थानगांव (सीतापुर)। विभिन्न थाना क्षेत्रों में करंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। सिधौली इलाके में खेत गया युवक टूटकर गिरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया तो थानगांव क्षेत्र में युवक टेबल फैन में उतरे करंट की चपेट में आ गया।
कोतवाली क्षेत्र सिधौली के बनियानी गांव निवासी रिंकू (20) पुत्र रामदत्त सोमवार सुबह अपने खेत की तरफ गया था। उसके खेत के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजरी है। बताया जाता है कि टूटकर गिरे जर्जर तार पर विनीत का पैर पड़ते ही वह करंट की चपेट में आ गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों से तार बदलवाने को कहा गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस लापरवाही के कारण ही विनीत की जान चली गई। एसडीओ शैलेंद्र कुमार ने बताया कि एचटी लाइन का तार जर्जर होने से टूट गया था।
शव के पोस्टमार्टम के बाद ही विभाग से मुआवजा दिलाने की कार्यवाही की जाएगी। उधर, थानगांव इलाके में देवरिया निवासी अनुरुद्ध (28) पुत्र रामसरन रविवार देर शाम घर में टेबल फैन में उतरे करंट की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया। महमूदाबाद में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।