विरोध करने पर पीटा, मामले में केस दर्ज
सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को बाइक से सवार युवक को स्कूटी और बाइक पर सवार चार बदमाशों ने लूट लिया। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने युवक की पिटाई कर दी और धमकी देते हुए मौके से निकल भागे। पुलिस ने घटना के संबंध में चार संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
रामकोट थाना क्षेत्र के मोहल्ला खूबपुर निवासी अमित बुधवार की देर शाम बाइक से होकर घर जा रहा था। इस बीच शहर कोतवाली क्षेत्र की नवीन गल्ला मंडी में पुलिस चौकी के आगे बाइक और स्कूटी सवार बदमाशों ने युवक की बाइक को ओवरटेक करने के बाद रोक लिया।
इसके बाद असलहे की नोक पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने युवक की बाइक, नकदी और मोबाइल लूट लिया। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने युवक की असलहे की बटों से पिटाई कर दी। इससे वह घायल भी हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश शोर मचाने पर जान की धमकी देते हुए मौके से निकल भागे।
सूचना पाकर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में गुरुवार को चार संदिग्धों को उठाया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
माना जा रहा है कि संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटी गई बाइक बरामद कर ली है। हालांकि पुलिस अभी इस बात से इंकार कर रही है। प्रभारी निरीक्षक जैनुद्दीन अंसारी ने बताया कि मामले में लूट का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।