एसडीएम सदर के मदद के आश्वासन पर शांत हुए मामला
सीतापुर। थाना इमलिया सुल्तानपुर इलाके में सात दिनों से लापता बच्ची का शव पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को गांव पहुंचने पर तनाव फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने दोषियों की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामे की खबर पाकर पहुंचे थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नही माने। एसडीएम सदर ने मोबाइल पर मृतका के घरवालों से बात कर जल्द खुलासे व हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और मृतक बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया।
थानाक्षेत्र के कुरका गांव में रहने वाले बलवंत की बेटी पारुल (8) बीती 13 जनवरी की शाम घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। एक सप्ताह में भी पुलिस लापता बच्ची का सुराग लगा पाने में नाकाम रही।
इसी बीच 20 जनवरी की सुबह गांव के बाहर सरायन नदी से बच्ची का शव बरामद किया गया। उसके चेहरे, सीने व पेट पर चोट के निशान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका।
सोमवार को पैनल बनाकर पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद बच्ची का शव गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीण घटना का सही खुलासा करते हुए असली दोषियों की जल्द गिरफ्तारी व पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाए जाने की मांग कर रहे थे।
थाना प्रभारी राय साहब द्विवेदी ने बताया कि एसडीएम सदर से पीड़ित परिवार की मोबाइल पर बात कराई गई। एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हो गए और मृतक बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कच्ची शराब के कारोबार से बढ़े अपराध
थाना इमलिया सुल्तानपुर के कुरका व आसपास कई गांवों में कच्ची शराब का कारोबार बड़े पैमाने पर किया जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक, इलाके में शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। यह शराबी आपराधिक वारदातें भी अंजाम देते हैं। पुलिस जानकर भी अंजान बनी रहती है।