गुड़बेल पर सो रहे युवक को गोली मारी
सात सशस्त्र बदमाशों ने अंजाम दी वारदात
सकरन (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बदमाशों ने गुड़बेल पर सो रहे एक ग्रामीण को गोली मार दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं जख्मी ग्रामीण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सकरन के सुमरांवा निवासी प्रधान नेकराम निर्मल की गांव के पश्चिम सकरन सुमरांवा मार्ग के किनारे गुड़बेल लगी है। शुक्रवार रात गुड़बेल पर अदवारी निवासी प्रधान के बिजनेस पार्टनर जुनैद व ब्रह्मचारीपुवारी निवासी चौकीदार हुलास सोए रहे थे। रात करीब 12 बजे तीन बाइकों से आए सात सशस्त्र नकाबपोश बदमाशों ने गुड़बेल के छप्पर में आग लगा दी। आहट सुनकर जुनैद ने शोर मचा दिया, जिससे बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बदमाशों की ओर से हुई फायरिंग में एक गोली जुनैद की जांघ में लग गई। वहीं फायर की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े तो बदमाश हवा में फायर करते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आननफानन घायल जुनैद को इलाज को जिला चिकित्सालय भेज दिया है। जुनैद ने सुमरावां निवासी छोटेलाल, झब्बू व गंगादीनपुरवा निवासी रामनरेश व चार अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। सीओ बिसवां तौकीर अहमद, एसओ नोवेंद्र सिंह सिरोही ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष नोवेंद्र सिंह सिरोही ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल को इलाज हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।
....
कीचड़ में गिरकर बुजुर्ग की मौत
रेउसा (सीतापुर)। थाना इलाके में शनिवार को घर से कुटी जा रहा एक वृद्ध अचानक कीचड़युक्त सड़क पर गिर पड़ा। घायल को सीएचसी ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रेउसा थाना क्षेत्र के सेवता निवासी कीढी (70) घर से भोजन करने के उपरांत गांव में ही स्थित एक कुटी पर पैदल जा रहा था। तेज बारिश से रास्ता कीचड़ युक्त था। अचानक कीढी का पैर फिसल गया और वह गिरकर बेहोश हो गया। उसे आननफानन में सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।