नशे में धुत होकर कर रहा था हंगामा, कब्जे से एक तमंचा व तीन कारतूस बरामद
सीतापुर। रामकोट थाना क्षेत्र में शातिर अपराधी ने शराब के नशे में धुत होकर बीच सड़क पर हंगामा किया और हवाई फायर कर दहशत फैलाई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया और थाने ले गई। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम मधवापुर निवासी विकास मिश्रा शातिर अपराधी है। बुधवार को वह शराब के नशे में धुत होकर गांव की सड़क पर पहुंच गया। उसके एक हाथ में असलहा तो दूसरे में झोला मौजूद था। बताते हैं कि वह बीच सड़क पर ही तमंचे से फायर करने लगा।
इस दौरान वह गालियां भी बक रहा था। यह देख स्थानीय नागरिकों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, तो वह भागकर घर में छिप गया। हालांकि पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा व तीन कारतूस भी पुलिस ने बरामद किया है।
स्थानीय नागरिकों की माने तो विकास आए दिन वह इसी तरह का बवाल गांव में किया करता है। थानाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि मधवापुर में फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। पुलिस ने गांव के विकास मिश्रा को तमंचे व कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। वह शातिर अपराधी है, थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके ऊपर 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं।