जमकर चले लाठी-डंडे, चार घायल
सीतापुर। तालगांव थाना क्षेत्र में नौटंकी में गाने की फरमाइश को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों में जमकर लाठी-डंडे चले। इससे करीब चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
तालगांव कस्बा निवासी संजीत के पुत्र संदीप का सोमवार को मुंडन संस्कार था। इस मौके पर संजीत ने नौटंकी का आयोजन कर रखा था। रात के वक्त नौटंकी का कार्यक्रम चल रहा था, उसी दौरान गांव के सलमान आदि मौके पर पहुंच गए।
बताते हैं कि सलमान पक्ष ने नौटंकी में अश्लील गाने की फरमाइश की। इस पर आयोजक ने ऐसे गाने के लिए मना कर दिया। इसी बात को लेकर सलमान पक्ष भड़क गया और संजीत पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इससे दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। खबर पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा।
तब तक संजीत पक्ष से रामकिशोर, जगतपाल व दो अन्य लोग घायल हो चुके थे। पुलिस ने एक पक्ष के सलमान, जमील, आजाद, संपू, छोटू, लल्लू, नौशाद, मोसिम, मोहिद आदि तथा दूसरे पक्ष के चंदन, कमलेश, रामकिशोर, रिंकू आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक योगेश शाह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।