विवाहिता ने फांसी लगा कर दी जान
थानगांव (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालात में फांसी लगाने से एक विवाहिता की मौत हो गई। उसका शव टीन शेड में लटकता पाया गया है। मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस जांच की बात कह रही है।
तालगांव थाना क्षेत्र के ग्राम लोधनपुरवा निवासी सीताराम का परिवार काम से बाहर गया हुआ था। घर पर सीताराम की पत्नी सुनई (20) ही मौजूद थी। यहां पर सुनई ने टीन शेड में संदिग्ध हालात में फांसी लगा ली।
मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
मायके पक्ष ने पुलिस को बताया कि करीब एक वर्ष पहले रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्रन पुरवा निवासीर मुन्नी लाल ने अपनी पुत्री सुनई का विवाह थानगांव थाना क्षेत्र के ग्राम लोधनपुरवा निवासी सीताराम से किया था। जिसमें हैसियत के मुताबिक दान दहेज भी दिया था।
आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में तरह तरह की चीजों की मांग करने लगा। उनमें तमाम मांगों को मायके पक्ष ने पूरा भी किया।
इधर दो माह से ससुराल पक्ष दहेज में भैंस व अन्य सामान की मांग कर रहा था। लगातार मांगों से परेशान मायके पक्ष ने इन मांगों को पूरा कर पाने में असमर्थता जता दी।
आरोप है कि दहेज की मांग पूरी होते न देख, ससुराल पक्ष ने दहेज की खातिर विवाहिता की गला घोटकर हत्या कर दी, जिसके बाद घटना को आत्महत्या दर्शाने के लिए शव फांसी के फंदे पर लटका दिया।
मायके पक्ष ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कराने के लिए विवाहिता के पति सीताराम समेत चार लोगों के खिलाफ थानगांव थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।