सीतापुर। उन्नाव गैंगरेप व पीड़िता के पिता की हत्या के प्रकरण में जिला कारागार में निरुद्ध विधायक कुलदीप सिंह सेंगर बीमार होने की वजह से पेशी पर नहीं जा सके। ऐसे में शशि सिंह अकेले ही सीतापुर से उन्नाव भेजी गईं, हालांकि विधायक की ओर से अदालत में उनका हाजिरी माफी नामे की अर्जी कारागार से जरूर भेजी गई।
बता दें कि एक युवती संग गैंगरेप व पिता की हत्या के मामले में उन्नाव से भाजपा के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर व सह आरोपी शशि सिंह को तीन दिन पहले उन्नाव से सीतापुर जिले में शिफ्ट किया गया था। शुक्रवार को इस मामले में उन्नाव न्यायालय में दोनों की पेशी थी।
बताते हैं कि पेट खराब होने के कारण विधायक सेंगर पेशी पर नहीं जा सके। अकेले शशि सिंह यहां से उन्नाव न्यायालय में पेशी पर भेजी गई, हालांकि कारागार के माध्यम से विधायक की ओर से इस मामले में हाजिरी माफीनामा भेजा गया।
जेल अधीक्षक डीके मिश्र ने बताया कि विधायक को शुक्रवार को पेशी पर जाना था। पर उनकी तबियत खराब होने के कारण वह पेशी पर नहीं जा सके। पेशी पर न पहुंचने की वजह से अदालत में हाजिरी माफीनामा भेजा गया है।