बूथों पर हर दो-दो मिनट में पहुंचेंगे पुलिस अधिकारी
महमूदाबाद (सीतापुर)। जिलाधिकारी सारिका मोहन ने कहा कि निकाय चुनाव व आठवीं का जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न हो। यह हमारी प्राथमिकता है और इसमें आप सभी का सहयोग अपेक्षित है।
वे यहां पर पीस कमेटी की बैठक को संबोधित कर रही थीं। कोतवाली परिसर में आयोजित बैठक में एसपी आनंद कुलकर्णी ने कहा कि पुलिस निकाय चुनाव व महमूदाबाद में निकलने वाले आठवीं के जुलूस को संपन्न कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
अराजक तत्वों पर पुलिस प्रशासन की नजर है। अगर किसी के द्वारा अराजकता फैलाने का प्रयास किया गया तो पुलिस प्रशासन कठोर कार्यवाही करेगा।
उन्होंने कहा कि छोटी छोटी बातों से कटुता बढ़ती है और जब इसको लेकर भीड़ बढ़ जाती है तो आदमी विवेक खो देता है। आप लोग त्योहारों को शांतिपूर्वक मनाएं।
आठवीं के जुलूस सकुशल संपन्न कराने के लिए जुलूस की वीडियोग्राफी के साथ उस स्थान की भी वीडियोग्राफी कराई जाएगी, जहां कार्यक्रम होना है।
जुलूस में पर्याप्त पुलिस बल के साथ साथ सीआरपीएफ के जवान भी लगाएं जाएंगे। उन्होंने कहा कि जुलूस के साथ निकाय चुनाव शांतिपूर्वक व सकुशल संपन्न कराने के लिए हमारे पास पर्याप्त पुलिस बल है।
बूथों पर हर दो-दो मिनट पर पुलिस बल व अधिकारी पहुंचकर निरीक्षण करते रहेंगे। 200 मीटर की परिधि में मतदाता के अलावा किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं रहेगी।