महोली (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र के महसुनियागंज से कुसैला मार्ग पर मढ़िया जंगल के पास रविवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क के किनारे एक शव पड़ा देखा। जिसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई।
पुलिस के मुताबिक महोली कस्बे के चमारन टोला निवासी रामचरन (50) पुत्र अंगने शुक्रवार दोपहर अपनी ससुराल पाताबोझ पत्नी राजकुमारी के साथ मुंडन संस्कार में शामिल होने गया था। जहां से अपनी पत्नी को पाताबोझ गांव में छोड़कर वह साइकिल से शनिवार शाम महोली के लिए निकला था। लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। रविवार सुबह परिजनों को पुलिस के जरिये उसका शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली प्रभारी आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि शव के पास ताला लगी हुई साइकिल, मोबाइल, 139 रुपये, बीड़ी, गांजा पीने वाली चिलम मिली है। कहीं पर भी चोट के निशान नहीं है। जिससे प्रतीत होता है कि अत्यधिक नशे के कारण यह साइकिल खड़ी कर वहीं सो गया। मोहल्ले में उसके नशेड़ी होने की बात सामने आ रही है। परिजनों ने खबर लिखे जाने तक कोई आरोप नहीं लगाया है। उसकी पत्नी राजकुमारी ने बताया कि उसके पति से किसी का कोई विवाद व रंजिश नहीं थी।