सीतापुर। जिले के हरगांव से भाजपा विधायक सुरेश राही को फोन पर धमकी देने का मामला सामने आया है। फोन पर धमकी देने वाली महिला ने धार्मिक भावनाएं भड़काने और राष्ट्र विरोधी बातें की हैं। विधायक ने मामले की तहरीर लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में दी है। सुरक्षा एजेंसियां विधायक को फोन करने वाले का पता लगाने में जुट गई है। सीतापुर पुलिस भी कॉल डिटेल खंगाल रही है।
हरगांव विधायक का कहना है कि रविवार की दोपहर उनके मोबाइल नंबर पर एक कॉल आई। फोन करने वाली महिला थी। उसने खुद को वाशिंगटन डीसी में कार्यरत बताकर अपना नाम आलिया बताया। फोन पर उसने कहा ‘मेरा पैगाम भारत में रहने वाले बहन-भाइयों के लिए है।’ महिला ने फोन पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने और राष्ट्र विरोधी बातें कही। 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिंदुस्तानी परचम लहराने से रोकने की उसने धमकी दी है।
इस कॉल के बाद विधायक के होश उड़ गए। हालांकि उन्होंने इस कॉल को रिकॉर्ड कर लिया था। विधायक का दावा है कि इसके बाद दोबारा उनके दूसरे मोबाइल नंबर पर भी एक कॉल आई। जिसमें एक पुरुष बोल रहा था। उसने भी महिला द्वारा कही गई बात को दोहराया है। विधायक ने फौरन पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों को इस मामले से अवगत कराया। पुलिस अधिकारियों ने जांच पड़ताल शुरू की।
प्रथम दृष्टया जांच में यह पता चला है कि फोन की लोकेशन सऊदी अरब की ट्रेस हुई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फोन किसने और किस मकसद से किया है। विधायक सुरेश राही ने लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में तहरीर दी है। घटना को लेकर जिले में उन्होंने कोई तहरीर नहीं दी है। इंस्पेक्टर टीपी सिंह का कहना है कि विधायक ने तहरीर भेजने की बात कही थी, लेकिन अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। सभी पहलुओं पर जांच चल रही है।