सीतापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार शाम विशेष सचिव, दुग्ध विकास राम सहाय यादव ने छुट्टा गोवंशों को संरक्षित करने के लिए शुरू किए गए अभियान की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए ब्लॉक स्तर पर टॉस्क फोर्स का गठन किया जाए। पकड़े जाने वाले गोवंशों को संरक्षित करने के लिए कार्ययोजना बनाई जाए। डीएम अनुज सिंह ने निर्देश दिए कि 11 निर्माणाधीन गोआश्रय स्थलों को एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाए।
विशेष सचिव ने कहा कि 31 दिसंबर तक गोवंशों को पकड़कर संरक्षित करने में राजस्व, गृह, पंचायतीतराज, नगर निकाय और पशुपालन सहयोग करेगा। निकायों में अभियान से संबंधित रिपोर्ट एडीएम और ईओ की ओर से भेजी जाएगी।
ग्रामीण स्तर की पशु चिकित्सा अधिकारी और बीडीओ भेजेंगे। उन्होंने बताया कि जिले स्तर पर सीडीओ और तहसील स्तर पर एसडीएम को नोडल अफसर नियुक्त किया गया है। जिन गोआश्रय स्थलों में स्थान है, वहां 50 गोवंश रखने की क्षमता को बढ़ाया जाए।
प्रत्येक दशा में 31 दिसंबर तक सभी छुट्टा घूम रहे गोवंशों को संरक्षित किए जाने का प्रमाणपत्र डीएम की ओर से दिया जाएगा। बैठक में एडीएम नीतीश कुमार सिंह, सीवीओ डाॅ. पीएन शुक्ला, डीपीआरओ, डीसी मनरेगा, डीडीओ, सभी एसडीएम, पशु चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।