दीपावली पर्व पर शहर के जीआईसी मैदान में पटाखा बाजार सजेगा। यहां पर व्यापारियों को पांच दिन के लिए लाइसेंस जारी किए जाएंगे। लाइसेंस के लिए आवेदन लिए जा चुके हैं। पुलिस व फायर की जांच के बाद सात नवंबर को लाइसेंस जारी कर दिए जाएंगे।
दीपावली पर्व पर जिले भर में पटाखा बाजार लगाए जाते हैं। इस दौरान बाजार में लापरवाही से कई बार धमाके हो चुके हैं। इन समस्याओं को देखते हुए प्रशासन ने जिले भर में अस्थायी पटाखा लाइसेंस को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिसके तहत जिले भर में बिना लाइसेंस के कहीं भी पटाखा की बिक्री नहीं की जा सकेगी। शहर सहित सभी तहसीलों में मजिस्ट्रेट को लाइसेंस जारी करने का जिम्मा सौंपा गया है।
वह लाइसेंस आवेदक की पुलिस व फायर विभाग की जांच रिपोर्ट को परखेंगे। उसके बाद अस्थायी पटाखा का लाइसेंस जारी करेंगे। यह लाइसेंस पांच दिन के लिए होगा। लाइसेंस का वितरण 7 नवंबर को होगा।
पटाखा व्यवसाई 12 नवंबर तक दुकान लगा सकेंगे। वहीं जिला मुख्यालय पर जीआईसी मैदान में पटाखा बाजार के लिए करीब 80 आवेदकों ने नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में अर्जी लगाई है। इन आवेदनों की जांच पुलिस व फायर के अफसर व कर्मी कर रहे हैं। जल्द लाइसेंस निर्गत कर दिए जाएंगे।