मानपुर (सीतापुर)। चांदपुर गांव में असलहे के दम पर चार बदमाशों ने एक घर में सो रहे दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट की। पीड़ित के मुताबिक बदमाश पौन किलो चांदी व एक लाख रुपये नकदी लूट ले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
चांदपुर निवासी असलम ने बताया कि छोटा भाई आफाक व उसकी पत्नी आंगन में लेटे थे। सोमवार देर रात करीब दो बजे चार बदमाश घर में घुस आए। घर में घुसने से पहले बदमाशों ने बिजली के पोल पर लगे बल्ब को तोड़ दिया। मकान के एक दरवाजे में ईंटें लगी थीं। उनको हटाकर बदमाश घर में घुस गए। खटपट की आवाज सुनकर आफाक की आंख खुल गई। इसके बाद दो बदमाशों ने दंपती पर असलहा तान दिया।
दंपती को बंधक बनाने के बाद दो अन्य बदमाशों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर करीब पौन किलो चांदी के जेवर व एक लाख रुपये समेट ले गए। बदमाशों ने घर में रखा सारा सामान तितर-बितर कर दिया। बदमाश आफाक के मोबाइल का सिम भी निकाल ले गए।
बदमाशों के जाने के बाद दंपती ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी मुकेश वर्मा ने बताया कि सूचना मिली है। जांच की जा रही है।