सीतापुर। शहर कोतवाली पुलिस ने बैंक व आयकर का फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वाले दंपती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में कन्नौज जिले के भगवान मकरंद नगर निवासी रोहित बाजपेई और उसकी पत्नी अन्नू शामिल है। पुलिस ने उनके पास से जेवर व 14 लाख रुपये की नकदी बरामद की है।
फिल्मी किरदार बंटी और बबली की तर्ज पर यह दंपती लोगों को बेवकूफ बनाकर ठगी करता था। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। आरोपी दंपती पर पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उड़ीसा और बिहार में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी रोहित उसकी पत्नी अन्नू अगस्त माह में शहर के मोहल्ला प्रेमनगर में किराये के मकान में रहने आए थे। रोहित ने खुद को पीएनबी की मिश्रिख शाखा का प्रबंधक, जबकि अन्नू ने खुद को वित्त मंत्रालय में आयकर निरीक्षक बताया था।
दोनों ने मकान मालिक और स्थानीय लोगों को नीलामी में सस्ता सोना दिलाने और पुराने नोट बदलवाने का झांसा देकर 27 लाख रुपये की ठगी की थी। इसके बाद वह भाग निकले।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 14 लाख रुपये, 38.740 ग्राम सोने के आभूषण, फर्जी पहचान पत्र और दो फोन बरामद हुए हैं। एसपी अंकुर अग्रवाल ने गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल पुलिस कर्मियों को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की है।